- शराब के नशे में पड़ोस के युवक ने मचाया उत्पात, चचेरे भाई के साथ छत से किया पथराव
- हमले में दूल्हे की मां, चाचा, फूफा और मामा घायल, मामा गंभीर हालत में रेफर
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में शादी की पूर्व संध्या पर संगीत कार्यक्रम में नशे में धुत पड़ोसी ने रंग में भंग डाल दिया। आरोपी ने डांस कर रही महिलाओं से न सिर्फ छेड़छाड़ की, बल्कि उनकी फोटो और वीडियो भी बनाई। विरोध करने पर आरोपी ने अपने चचेरे भाई के साथ छत से पथराव कर दिया जिसमें दूल्हे की मां, फूफा, चाचा और मामा घायल हो गए। जिनमें मामा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस संबंध में डीजे संचालक समय तो दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।..............
सिहानी गेट थानाक्षेत्र में रहने वाले परचून कारोबारी की सोमवार को शादी थी। शादी से एक दिन पहले रविवार को घर में संगीत का कार्यक्रम था। जिसमें परिवार की युवतियां व महिलाएं डीजे पर डांस कर रही थीं। दूल्हे के बहनोई के मुताबिक पड़ोस में रहने वाला गौरव अपने चचेरे भाई के साथ वहां नशे की हालत में पहुंच गया। इस दौरान वह अर्धनग्न अवस्था में था। आरोप है कि गौरव ने डीजे पर डांस कर रही महिलाओं से छेड़छाड़ शुरू कर दी और मोबाइल में उनकी वीडियो और फोटो बनाने लगा। महिलाओं के बताने पर परिजनों ने गौरव और उसके चचेरे भाई का विरोध किया तो दोनों छत पर चढ़ गए और वहां से दूल्हे के परिवार पर पथराव कर दिया। परिजनों के मुताबिक पथराव में दूल्हे की मां, फूफा, मामा और चाचा घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से हालत गंभीर होने के कारण दूल्हे के मामा को सफदरजंग अस्पताल दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष को ही थाने में बैठाने का आरोप..........
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने आ गई। घर में शादी वाले दिन हुए बखेड़े के बाद पीड़ित पक्ष के लोगों को भी पुलिस ने हवालात में डाल दिया। जिसको लेकर सोशल मीडिया पर सिहानी गेट पुलिस के खिलाफ लोगों ने जमकर भड़ास निकाली। हालांकि, देर शाम पूछताछ के बाद दूल्हा पक्ष के लोगों को छोड़ दिया गया।
आरोपियों के साथ डीजे संचालक को भी कराया नामजद........
दूल्हे के जीजा ने गौरव और उसके चचेरे भाई के साथ-साथ डीजे संचालक आकाश को भी आरोपी बनाते हुए थाने में तहरीर दी। आरोप है कि आकाश ने ही गौरव को बुलाया था। सिहानी गेट एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। डीजे संचालक समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।