- खुद की नगर निगम में सेटिंग और डीआईजी को रिश्तेदार बताकर दिया झांसा
- नौकरी न लगने पर रकम मांगी तो आरोपी व उसके साथी ने पार्टी कार्यालय बुलाकर दी हत्या की धमकी
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। कविनगर पुलिस ने पूर्व बसपा नेता डॉ. पवन गौतम और उसके साथी केशव के खिलाफ नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपए हड़पने का मामला दर्ज किया है। इस संबंध में मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम नूरपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने एसएसपी से गुहार लगाई थी। उनका आरोप है कि डॉ. पवन गौतम ने खुद की नगर निगम में सेटिंग और डीआईजी को अपना रिश्तेदार बताकर उन्हें झांसे में लिया। एसएसपी के आदेश पर कविनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।.............
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि वह पूर्व में शास्त्रीनगर में संजीवनी क्लीनिक चलाने वाले अपने परिचित डॉ. पवन गौतम के पास दवाई लेने के लिए गए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने पास नौकरी न होने का हवाला देते हुए परेशान होने की बात कही। इस पर डॉ. पवन गौतम ने कहा कि उसकी नगर निगम में अच्छी-खासी जान-पहचान है और उसके फूफा पुलिस ने डीआईजी हैं। आरोप है कि डॉ. पवन गौतम ने कहा कि नगर निगम में वह उनकी नौकरी लगवा सकता है लेकिन इसके लिए डेढ़ लाख रुपए खर्च करने होंगे। धर्मेंद्र का कहना है कि डॉ. पवन गौतम उसके परिचित थे, लिहाजा उसकी बातों में आकर उन्होंने नौकरी के लिए रकम दे दी।
बसपा कार्यालय पर बुला कर दी हत्या की धमकी........
धर्मेंद्र का आरोप है कि काफी समय बाद भी जब उसकी नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने टोकना शुरू कर दिया। इस पर डॉ. पवन गौतम ने हर बार नया समय रख दिया। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद भी कोई रिस्पांस नहीं मिला तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए। आरोप है कि एक बार डॉ. पवन गौतम ने उन्हें आरडीसी स्थित बसपा कार्यालय बुलाया। वहां उसने अपने साथी केशव के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बता दें कि डॉ. पवन गौतम बसपा से निष्कासित चल रहे हैं, जबकि केशव वर्तमान में बसपा से जुड़ा है।
एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट...........₹
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ठगी के बाद वह कविनगर पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उसने मामले की शिकायत एसएसपी कलानिधि नैथानी से की। कविनगर एसएचओ अजय कुमार का कहना है कि एसएसपी के आदेश पर डॉ. पवन गौतम और केशव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।