सबहेडः दिल्ली-मेरठ हाईवे से सटे पॉकेट में रेलवे लाइन के बराबर की रोड का शुरू हुआ निर्माण, आंतरिक रोड का निर्माण भी हुआ तेज
- योजना की हाईवे से और बेहतर होगी कनेक्टिविटी, सड़क निर्माण में जुटा प्राधिकरण अभियंत्रण अनुभाग का अमला
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जीडीए की मधुबन बापूधाम योजना की दिल्ली-मेरठ हाईवे से कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। जीडीए ने दिल्ली-मेरठ हाईवे से सटे पॉकेट में रेलवे लाइन के बराबर की सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। साथ ही नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड के साथ आंतरिक सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। ऐसे में मधुबन और उससे सटी आधा दर्जन कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। प्राधिकरण की ओर से नॉर्दन पेरिफेरल रोड के बड़े हिस्से का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
दूसरी ओर हरसांव पुलिस लाइन के सामने से जाने वाली और मधुबन बापूधाम योजना को आगे दिल्ली-मेरठ हाईवे को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीडीए सड़कों के निर्माण कार्य पर प्राथमिकता दे रहा है। प्राधिकरण की ओर से जल्द विभिन्न पॉकेटो में भूखंडों का आवंटन शुरू किया जाएगा। इसी के चलते सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।
सड़क का निर्माण होने से अब मधुबन बापूधाम की विभिन्न पॉकेट तक कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी। सड़क निर्माण होने के साथ पहले नालियों का निर्माण किया जा रहा है। बता दें कि जीडीए की ओर से मधुबन बापूधाम योजना पर विशेष फोकस किया जा रहा है। प्राधिकरण का मुख्य कार्यालय मधुबन बापूधाम योजना में प्रस्तावित है। वहीं बहुमंजिला आवास के बराबर में शहर का दूसरा व्यावसायिक केंद्र विकसित किया जाएगा। मधुबन बापूधाम में नए थाने का संचालन शुरू हो चुका है। ऐसे में बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए आंतरिक सड़कों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि मधुबन बापूधाम योजना में रेलवे लाइन के बराबर की विभिन्न पॉकेटों को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। सड़क निर्माण होने से स्थानीय लोगों को सहूलियत मिलेगी।
---------------
इन कॉलोनियों के लोगों को मिलेगी राहत
मधुबन बापूधाम की आंतरिक रोड का निर्माण होने के बाद मधुबन के साथ आधा दर्जन से अधिक कॉलोनियों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। मधुबन बापूधाम योजना में ईडब्ल्यूएस आवास, कांशीराम आवास में रहने वाले लोगों को सड़कों का निर्माण कार्य न होने से लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। अब मुख्य के साथ आंतरिक सड़कों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही मधुबन बापूधाम की विभिन्न पॉकेटों तक जाने के लिए गोविंदपुरम, स्वर्णजयंती पुरम, करपुरीपुरम के साथ अन्य कॉलोनियों के लोगों को आने वाले दिनों में परेशानी नहीं झेलनी होगी।
-------------