सबहेडः महानगर के सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों ने विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया पर उठाए सवाल, सीटें भरने तक खोला जाए रजिस्ट्रेशन पोर्टल
- बीबीए, बीसीए सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज में 50 फ़ीसदी से अधिक सीटें हैं खाली
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। सीसीएसयू के स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले को नामांकन प्रक्रिया पर विराम लग गया है। नामांकन की तिथि बढ़ाए जाने के बावजूद सीटों के मुकाबले कम रजिस्ट्रेशन हुए हैं। बीबीए, बीसीए सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज में 50 फ़ीसदी से अधिक खाली सीटों को देखते हुए सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की ओर से फिर से रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोलने की मांग की जा रही है। कॉलेजों की मांग अन्य यूनिवर्सिटी की तरह सीटें भरने तक रजिस्ट्रेशन पोर्टल खुला रखने की मांग की गई है।
सीसीएसयू की ओर से सीटें खाली होने पर चौथी बार रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर कर दी गई थी। तिथि बढ़ाने के बावजूद सीटों के मुकाबले काफी कम संख्या में नामांकन हुए हैं। वर्तमान में 20 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों को दाखिले के लिए 23 नवंबर सोमवार तक कॉलेजों में ऑफर लेटर जमा करने होंगे। फिर 24 नवंबर से 2 दिसंबर तक कॉलेजों में खाली सीटों पर दाखिला लिया जा सकेगा। सीसीएसयू का रजिस्ट्रेशन पोर्टल बंद होने और बड़ी संख्या में सीटें खाली होने पर सेल्फ फाइनेंस कॉलेज सवाल उठा रहे हैं।
महानगर के 50 से ज्यादा सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की ओर से फिर से रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोलने की मांग की जा रही है। दाखिले को लेकर यूजीसी की गाइडलाइन का हवाला देते हुए रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोलें की मांग की गई है। आईएमई कॉलेज साहिबाबाद के वाइस चेयरमैन प्रो. एचपी गुप्ता का कहना है कि रजिस्ट्रेशन पोर्टल बंद करने के विश्वविद्यालय के फरमान को लेकर कॉलेज परेशान है। वर्तमान में 50 फ़ीसदी सीटें खाली पड़ी हुई है। प्राइवेट विश्वविद्यालय को फायदा पहुंचाने के चक्कर में रजिस्ट्रेशन पोर्टल को बंद किया गया है। जबकि यूजीसी की गाइडलाइन साफ है कि 30 नवंबर तक दाखिला रजिस्ट्रेशन के पोर्टल को बंद नहीं किया जा सकता है। खाली सीटों को ध्यान में रखते हुए फिर से रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोलने की मांग की गई है।
-----------