बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैसलाबाद में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। साथ ही पीडि़त पक्ष की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव अड़ौली निवासी आमिर खान पुत्र इशाक खान ने बताया कि वह और उसका भाई फैसलाबाद में रहते हैं। उनके पड़ोस में रहने वाले पप्पू, बुंदी, सलीम, वासिद, कदीम, शमीम, नगीना काफी समय से उनके परिवार से रंजिश मानते हैं। शुक्रवार देर शाम दोनों पक्षों के ब'चे घर के बाहर खेल रहे थे। जिसके बाद ब'चों के बीच में झगड़ा हो गया। दोनों के परिजनों ने एक दूसरे को शिकायत की। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। आमिर का आरोप है कि आरोपियों ने उनके पूरे परिवार पर हमला किया और फिर इसके बाद चले गए। कुछ देर के बाद फिर से आरोपी पक्ष तमंचे और लाठी डंडे लेकर आया और उनके साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर तमंचे से कई राउंड गोलियां चला दी। हालांकि, किसी को गोली नहीं लगी है। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत किया। बताया कि मामले में आमिर की तरफ से सभी सातों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।