बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी मानसिक दिव्यांग किशोरी के साथ मकान मालिक के नौकर ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने पीडि़ता पर जानलेवा हमला कर दिया। वहीं, किशोरी की मां ने विरोध किया तो आरोपी हत्या की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पीडि़ता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नगर के ही एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति के मकान में किराए पर परिवार के साथ रहती है। मकान मालिक अलग मकान में रहता है। उक्त मकान पर उनका एक नौकर काम करता है। आरोप है कि उक्त नौकर पहले से ही पीडि़ता की मानसिक दिव्यांग पुत्री पर गलत नजर रखता है। गत 17 नवंबर को वह किसी काम से पड़ोस में गई थी। उसी समय आरोपी नौकर महिला के घर में घुस गया। उस समय घर में उसकी बेटी अकेली मौजूद थी। इस दौरान आरोपी ने किशोरी के साथ छेड़छाड़़ करनी शुरू कर दी। उस दौरान वह भी मौके पर पहुंच गई। विरोध करने पर आरोपी ने पीडि़ता की पुत्री औैर उस पर जानलेवा हमला कर दिया और हत्या की धमकी देकर भाग निकला। नगर कोतवाल अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।