जहांगीराबाद।कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी मृतक दुष्कर्म पीडि़ता के घर बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से बंद कमरे में करीब 1.15 घंटे तक अकेले में बातचीत की और आश्वासन दिया। साथ ही परिजनों ने उनसे लाइन हाजिर किए गए जहांगीराबाद कोतवाल के निलंबन की मांग भी की है। इस दौरान अध्यक्ष ने जिला प्रशासन को शासन की ओर चल रही योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि गत मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव दुष्कर्म पीडि़ता एससी वर्ग की किशोरी की आग में जिंदा जलने के कारण मौत हो गई थी। मामला उत्तर प्रदेश राज़्य बाल संरक्षण आयोग के समक्ष पहुंचा। बृहस्पतिवार को आयोग के अध्यक्ष प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे और पीडि़त माता पिता को अलग कमरे में ले जाकर लगभग 1.15 घंटे तक बातचीत की और पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्कालीन कोतवाली प्रभारी विवेक शर्मा पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और उनके निलंबन की मांग की है। जिस पर आयोग के अध्यक्ष ने एसएसपी से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों को शासन की योजनाओं जैसे मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, बिजली का कनेक्शन, ब'चों की पढ़ाई लिखाई से संबंधित लाभ अविलम्ब दिलाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर एसपी देहात हरेंद्र सिंह, एसडीएम अनूपशहर पदम सिंह, एसडीएम शिकारपुर वेदप्रिय आर्य, तहसीलदार शिकारपुर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।