डीएम और नगरायुक्त ने किया छठ घाट का निरीक्षण
- प्रदेश सरकार ने छठ महापर्व को लेकर जारी की गाइडलाइंस, डीएम ने समिति को दी
-हिंडन समेत जनपद के घाटों पर कल से होगी पूजा-अर्चना
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
छठ महापर्व को लेकर बुधवार को हिंडन घाट पर डीएम अजय शंकर पांडेय,एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह और नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निरीक्षण किया। इस बीच डीएम ने आयोजक समितियों से प्रदेश सरकार की कोविड-19 प्रोटोकॉल नियम को फोलो करने की अपील की। वहीं नगर आयुक्त ने सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने पुरबिया जनकल्याण परिषद समिति के महासचिव को प्रदेश सरकार की गाइडलाइंस भी सौंपी। निरीक्ष्रण के दौरान समिति पदाधिकारियों ने घाट के दोनों ओर सफाई कराने की मांग की।
डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि छठ पूजा की तैयारियों को लेकर शासन स्तर पर अधिकारियों से वार्ता के बाद आयोजन समितियों से बैठक हो चुकी है। हिंडन में गंगनहर से पानी छोड़ दिया गया है। नगर निगम की तरफ से सफाई व बिजली समेत अन्य प्रकार की व्यवस्था की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रदेश सरकार की जारी गाइडलाइंस का नियमित तौर पर पालन हो। छठ पर महिलाओं से उन्होंने घर पर ही पर्व मनाने की अपील की। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सभी से सहयोग की अपील है। डीएम ने रामलीला, दशहरे, ईद और अन्य त्योहारों का उदाहरण देते हुए घाट पर भीड़ न लगाने की अपील की। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने भी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में कोई कमी न रहे, महिलाओं के लिए शौचालय और चेंजिंंग रूम, कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत दो गज की दूरी और मास्क है जरुरी, एम्बुलेंस, सीसीटीवी कैमरे, घाट पर कंट्रोल रूम बनाने, जल व्यवस्था, हैंडवॉशिंंग स्टेशन और सैनिटाइजेशन आदि की व्यवस्था करने के लिए कहा। इस दौरान नगर निगम, सिंचाई विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गली-मोहल्ले में घूमेगी प्रचार-प्रसार वैन ः
पुरबिया जनकल्याण परिषण समिति के महासचिव पंं. राकेश कुमार ने बताया कि कोरोना संंक्रमण की रोकथाम के लिए गली-मोहल्ले में एक वैन को घुमाया जाएगा। जिसमें लोगों से अपील की जाएगी कि छठ व्रती महिलाओं के अलावा दूसरा कोई व्यक्ति घाट पहुंचकर भीड़ न करें। इसके अलावा घाट पर पहुंचने से पहले कोरोना टेस्ट कराना बेहद जरूरी है। घाट पर छठ व्रतियों के लिए दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी।
--------------------------------
सुमित कुमार