माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। गाजियाबाद। दिव्यांगों को पेंशन के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। दिव्यांग आय प्रमाण पत्र नहीं बनवा पा रहे हैं इसकी शिकायत दिव्यांग कल्याण विभाग में लगातार आ रही हैं। इसको देखते हुए मंगलवार को दिव्यांग कल्याण अधिकारी ने लेखपालों को नोटिस भेज कर जवाब मांगा है। दिव्यांग पेंशन के लिए जो दिव्यांग 18 साल का हो जाता है उसके नाम से आय प्रमाण पत्र जमा करना होता है उसके बाद ही दिव्यांग पेंशन मिल पाती है। कई दिव्यांगों ने शिकायत की है कि तहसील के लगातार चक्कर लगा रहे हैं लेकिन वहां पर उनके नाम से आय प्रमाण पत्र नहीं बना रहे हैं। इसमें महिला दिव्यांग भी शामिल हैं। उनकी शिकायत है कि लेखपाल आदि वहां कहते हैं कि पति के नाम से ही आय प्रमाणपत्र बन पाएगा। जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी रजनीश कुमार पांडेय ने बताया कि आय प्रमाण ना होने की वजह से उनकी पेंशन खाते में नहीं पहुंच पा रही है। इसकी शिकायत लगातार मिल रही थी इसलिए नोटिस जारी किया गया है।