प्रभात पांडेय
साहिबाबाद। गाजियाबाद की हाईटेक पुलिस चेकिंग के बाद भी सड़कों पर असलाह लेकर घूम रहे बदमाशों को नहीं दबोच पा रही है। बदमाश पुलिस को खुली चुनौती देकर ताबड़तोड़ लूट और स्नैचिंग की वारदात कर फरार हो जा रहे हैं। पुलिस इन्हें पकड़ तक नहीं पा रही है। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूर्व में हुई एक भी घटना का अभी खुलासा नहीं कर सकी है।
इन दिनों शहर में लूट और स्नैचिंग करने वाला गिरोह सक्रिय है। जो कार और हाईस्पीड़ बाइक पर असलाह लेकर सड़कों पर घूम कर वारदात कर रहा है। कार सवार तीन से चार बदमाश लोगों को पिस्टल और तमंचा दिखाकर डरा धमकाकर वारदात कर फरार हो रहे हैं। गाजियाबाद की हाईटेक पुलिस द्वारा सड़कों पर विभिन्न प्रकार की योजना बनाकर बदमाशों की धरपकड़ करने के लिए पुलिस तैनात करने के दावे किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही है। इसके बाद भी असलाहधारी बदमाश सड़कों पर घूमकर वारदात कर फरार हो रहे हैं। लेकिन चेकिंग में लगी यह पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ पा रही है। लगातार हो रही वारदात से लोगों में भय का माहौल है। लोग पुलिस की सुरक्षा पर ही सवाल कर रहे हैं।
सीसीटीवी लगाने पर जोर, फुटेज से भी नहीं पकड़े जा रहे बदमाश
इन दिनों गाजियाबाद पुलिस का अपराध रोकने के लिए जगह जगह सीसीटीवी लगाए जाने पर अधिक जोर है। पूर्व में कई स्नैचिंग और लूट के मामले सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गए। पीड़ित ने फुटेज पुलिस को भी सौंप दी। इसके बाद भी पुलिस अभी तक इन घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वह ताबड़तोड़ वारदात कर रहे हैं।
हाल में हुई घटनाएं
- सिकंदरपुर पुलिस चौकी के पास ओवरटेकर अधिवक्ता की कार रोककर पिस्लूटल के बल पर लूटपाट
- एलिवेटेड रोड पर वीडियो बनाकर लौट रहे इंदिरापुरम निवासी यूट्यूबर और उनके दोस्तों से पिस्टल के बलपर वर्दीधारी बदमाशों ने सोने की चेन और कार लूट ली
- किराना मंडी में पिस्टल के बल पर बदमाशों ने व्यापारी से जेवर लूट लिए। इसके बाद इसी गैंग ने कौशांबी थाना क्षेत्र में रिटायर्ड प्रबंधक दंपती से गोली चलाकर जेवर लूट कर फरार हो गए
- सीआईएसएफ रोड पर सेल्स मैनेजर से पिस्टल दिखाकर हाईस्पीड बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूटी
- इंदिरापुरम निवासी दूध डिस्ट्रीब्यूटर के मुनीम से पिस्टल दिखाकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूटे
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस की टीमें लगातार बदमाशों की धरपकड़ कर रही हैं। कई अवैध हथियारों के साथ बदमाशों को पकड़कर जेल भेजा गया है। घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं। जल्द घटनाओं को खुलासा कर दिया जाएगा। ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सिटी सेकेंड।