कल से इंदिरापुरम में अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
इंदिरापुरम में सड़क किनारे लगने वाले अतिक्रमण और सेंट्रल वर्ज में गंदगी के खिलाफ मंगलवार से अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अधिकारियों ने अभियान का निर्णय लिया है। सेंट्रल वर्ज में पेड़-पौधों की पत्तियां टूटने के बाद वह सूख गई हैं। वहीं सड़क किनारे अतिक्रमण से लोगों को जाम में फंसना पड़ता है। इससे लोगों में गुस्सा भरा रहता है।
जीडीए के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण को लेकर टीम बना दी गई है। मंगलवार से सीआईएसएफ, काला पत्थर रोड, शक्तिखंड समेत विभिन्न रूटों पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। पिछले दिनों भी काला पत्थर रोड पर अभियान चलाया था। मगर वहां दोबारा से अतिक्रमण की शिकायत मिल रही है। इसके अलावा सेंट्रल वर्ज में पेड़-पौधों की पत्तियां टूट गई हैं। जो काफी दिनों से पड़ी होने से सूख चुकी हैं। इससे मुख्य सड़कों के सेंट्रल वर्ज में सूखे पत्तों का ढेर लग गया है। मंगलवार को कर्मचारियों को लगवाकर इन्हें वहां से हटवा दिया जाएगा।
------------------------------
सुमित कुमार