हिंडन समेत 53 घाटों पर छठ महापर्व की तैयारी शुरू,अनुमति का इंतजार
- हिंडन घाट पर पुरबिया समाज के लोगों ने वेदी बनाना किया शुरू
- मेयर आशा शर्मा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने किया कारसेवा का शुभारंभ
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
कोरोना महामारी के बीच रविवार को हिंडन समेत 53 घाटों पर कारसेवा अभियान के साथ छठ पर्व की तैयारी शुरू हो गई। मेयर आशा शर्मा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार ने अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को निगम की तरफ से पूरी व्यवस्था कराने का भरोसा दिया। प्रशासन से अभी तक आयोजन की अनुमति न मिलने से पदाधिकारियों में असमंजस बना हुआ है। माना जा रहा है कि घाट पर छठ व्रती महिला के साथ एक ही व्यक्ति को प्रवेश मिलने की व्यवस्था की जा सकती है।
पुरबिया जनकल्याण परिषद के महासचिव पं. राकेश तिवारी ने बताया कि हिंडन नहर घाट पर प्रतिवर्ष छठ महापर्व का भव्य आयोजन होता है। प्रशासन, नगर निगम, जीडीए, जल निगम, सिंचाई और बिजली विभाग समेत अन्य सभी विभागों के अधिकारियों की मदद से यह कार्यक्रम हो पाता है। इस बार भी लोगों में काफी उत्साह है। लेकिन कोरोना महामारी की वजह से लोग असमंजस में हैं। रविवार को मेयर आशा शर्मा ने कारसेवा अभियान की शुरूआत की। इसके बाद हिंडन घाट पर सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों ने जगह-जगह से कूड़ा उठाना शुरू किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार ने बताया कि एक हफ्ते से हिंडन घाट पर काम चल रहा है। छठ पर्व को लेकर मरम्मत कार्य, साफ सफाई, बिजली, सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग, फॉगिंग व अन्य प्रकार की व्यवस्थाएं करा दी जाएंगी। परमिशन के लिए प्रशासन से निर्देश मिलने बाकी हैं। उधर, सफाई के बाद हिंडन घाट पर लोगों ने पूजा-पाठ के लिए वेदी बनाना शुरू कर दिया।
परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष अमन कुमार शर्मा ने बताया कि 18 नवंबर से छठ महापर्व शुरू हो जाएगा। दिवाली के बाद पूरब क्षेत्र के लाखों श्रद्धालुओं का यह सबसे बड़ा पर्व होता है। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ पर्व शुरू हो जाएगा। इसके बाद 19 तारीख को खरना, 20 की शाम में संध्या अर्घ्य देकर पूजा-पाठ होगा। फिर 21 की सुबह में सूर्य देवता को अर्घ्य दिया जाएगा। पर्व को लेकर समिति एडीएम सिटी को 21 मांगे भी सौंप चुकी है जिसमें घाटों की मरम्मत, हिंडन घाट पर बेदी बनाने, 50 घाटों पर साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, बिजली-पानी की व्यवस्था, फॉगिंग, सुरक्षा व्यवस्था, एम्बुलेंस, अस्थाई पार्किंग, फायर ब्रिगेड की गाड़ी, घाटों पर सीढियों का निर्माण कराने, ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती, अस्थाई चेंजिंग रूम आदि की व्यवस्था करवाने की बात शामिल है।
--------------------
सुमित कुमार