दो डाक्टर सहित 171 संक्रमित, एक की मौत
- स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी भी संक्रमित
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। दो प्राइवेट डाक्टर व स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी सहित 171 मरीज कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। एक मरीज के संक्रमण की चपेट में आने से मौत हो गई। संक्रमण मुक्त हो चुके 93 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक 20386 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, इनमें से 18954 स्वस्थ हो चुके हैं। अभी सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों के अलावा होम आइसोलेशन में 1346 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक संक्रमण की चपेट में आए 86 मरीजों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को संक्रमित मरीजों की सूची में दो प्राइवेट डाक्टर, स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी, जिला एमएमजी अस्पताल की लैब के दो टेक्नीशियन संक्रमण की चपेट में आए हैं। विभाग के अधिकारी पिछले नौ महीने से जिला संक्रामक नियंत्रण विभाग में कोरोना संबंधित विभागीय कार्य देख रहे थे। एंटीजन जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्हें संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी के संक्रमित होने पर संक्रामक विभाग में काम करने वाले अन्य स्टाफ परेशान हैं। हैरान करने वाला पहलू यह है कि जहां से पूरे जिले के संक्रमित मरीजों के घर व आसपास सैनिटाइजेशन का काम कराया जाता है, वहीं पर अधिकारी के संक्रमण की चपेट में आने के बाद भी सैनिटाइजेशन नहीं कराया गया। कमोवेश यही हाल जिला एमएमजी अस्पताल का भी रहा, लैब में दो स्टाफ संक्रमित होने के बाद भी सैनिटाइजेशन नहीं कराया गया।
यह भी हैं संक्रमित
अवंतिका में एक ही परिवार के तीन लोग, शास्त्रीनगर में पति-पत्नी, जज कालोनी वैशाली में पति-पत्नी, वसुंधरा के अलग-अलग सेक्टरों में 12 लोग, वैशाली में सात, इंदिरापुरम में 13, गोविंदपुरम में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं।
---------------
आशुतोष यादव