गाजियाबाद। विजयनगर के सैन विहार में रहने वाले अभिषेक सिंह का 55 दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। मूलरूप से फर्रूखाबाद के मुडग़ांव निवासी अभिषेक हरियाणा के ताबड़ू रोड स्थित लॉजिस्टिक कंपनी में फोरमैन हैं। परिजनों का कहना है कि वह पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। परिजनों के मुताबिक गत 17 सितंबर को अभिषेक दो दिन की छुट्टी लेकर सैन विहार आए थे, लेकिन कंपनी ने शाम को ही कंपनी ने फोन करके उन्हें बुला लिया। अगली सुबह 6 बजे अभिषेक कंपनी के लिए निकले, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। अभिषेक के भाई अभय का कहना है कि 19 सितंबर की सुबह 9 बजे बागपत के कलंजरी गांव और पौने दो घंटे बाद राजनगर एक्सटेंशन में उनके भाई की लोकेशन मिली। इसी दिन पलवल में उनके एटीएम से दो बार में 77 सौ रुपये निकले। बैंक वाले एटीएम की फुटेज नहीं दिखा रहे तो पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही।