- कंपनी में निवेश कर दोगुनी रकम मिलने की बात कह महिला ने युवती को झांसे में लिया
- पीडि़ता की तहरीर पर महिला समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। ऑटो में दोस्त बनी महिला द्वारा कंपनी में निवेश करने पर दोगुनी रकम वापस मिलने का झांसा देकर युवती से 2.35 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। राहुल विहार निवासी पीडि़ता दुर्गा भारती की तहरीर पर विजयनगर पुलिस ने महिला नुपुर शर्मा समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।...................
दुर्गा भारती का कहना है कि वह प्राइवेट जॉब करती हैं। ऑफिस आने-जाने के दौरान एक बार ऑटों में उनकी मुलाकात नुपुर शर्मा नाम की महिला से हुई। नुपुर ने उन्हें बताया कि वह हरियाणा की एक कंपनी में नौकरी करती है। कंपनी की एक मुनाफे वाली स्कीम है। जिसमें निवेश करने पर दोगुनी रकम वापस मिलती है। नुपुर ने उनसे कहा कि 2.35 लाख रुपये निवेश करने पर पहले महीने में 50 हजार और फिर 34 महीनों तक हर महीने 34 हजार रुपये मिलेंगे। दुर्गा भारती का कहना है कि उनकी नुपुर से दोस्ती हो गई। उस पर भरोसा करके वह पिता के साथ पैसे लेकर उसके पास गई। नुपुर उन्हें गुरुग्राम के एक ऑफिस में ले गई। दुर्गा भारती का कहना है कि गत 6 अगस्त को नुपुर और श्रवण नाम का एक व्यक्ति उनके घर आए और 2.35 लाख रुपये लेकर हाथ से लिखी एक पर्ची थमा दी। अगले महीने से पैसे न मिलने पर उन्होंने तगादा किया तो 10 हजार रुपये खाते में आ गए। इसके बाद फिर से रकम न आने पर टोका तो नुपुर ने मारपीट करते हुए धमकी दी। विजयनगर एसएचओ महावीर सिंह चौहान का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
_________________________________
कस्टमर केयर से बता महिला के खाते से 23 हजार उड़ाए
गाजियाबाद। कविनगर थानाक्षेत्र के गांव रजापुर में किराए के मकान में रहने वाली सुनीता बाई का कहना है कि उन्होंने गूगल पे से 1700 रुपये का भुगतान किया था, जो ग्राहक के खाते में नहीं पहुंचा। उन्होंने गूगल-पे के कस्टमर केयर को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। रात करीब पौने 9 बजे उनके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने कहा कि वह एनी डेस्क एप डाउनलोड कर ले, जिसके बाद पैसा वापस आ जाएगा। इस तरह कई प्रोसेस कराकर साइबर ठगों ने उनके खाते से 22 हजार 967 रुपये निकाल लिए। कविनगर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।