खाद्य टीम ने छेना और गुलाब जामुन समेत मिठाई के सैंपल लेकर जांच को भेजे
- मिलावटखोरों के खिलाफ विभाग की चल रही ताबड़तोड़ कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लोनी, इंदिरापुरम इलाके में मिठाई और दूध की डेयरी समेत अन्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर व्यंजनों के सैंपल एकत्रित लैब में जांच को भेज दिए हैं। मंगलवार को टीम ने लोनी में छेना और गुलाब जामुन, बर्फी समेत अन्य प्रकार की मिठाइयों में मिलावट की आशंका पर छापेमारी की। विभाग ने लोगों को मिलावटखोरों के प्रति जागरूक किया है। टीम ने विभिन्न जगह पर सुबह से शाम तक कार्रवाई की। एक माह में जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चीफ फूड ऑफिसर एनएन झा ने बताया कि लोनी अंकुर विहार में विजय डेयरी से छेना व गुलाब जामुन के दो नमूने, भीम डेरी से बर्फी व बेसन के दो नमूने, बिकानेर स्वीट्स डीएलएफ कालोनी से गुलाबी रस्गुल्ले का नमूना, जबकि जिंदल बिकानेर स्वीट्स मकनपुर से मिल्क केक व एक बर्फी का नमूना एकत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि दिवाली के मौके पर लोगों को मिलावट के प्रति बचाने के लिए लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई चल रही है। इससे मिलावट खोरों में डर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जिस जगह से शिकायत या सूचना मिल रही है तो उसे गोपनीय रखकर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीनों दिनों की कार्रवाई में 53 नमूने एकत्रित कर लखनऊ टेस्ट लैब में भेज दिए गए हैं। वहां एक माह के अंदर रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
--------------------------------
सुमित कुमार