- पूर्व मंत्री द्वारा विधायक बेटे पर आरोप लगाने के बाद पुलिस ने बदली अपनी प्राथमिकता
- भाजपा विधायक अजित पाल त्यागी के मामा की गोलियों से भूनकर हत्या का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। भाजपा विधायक अजित पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या का मामला पुलिस के गले की फांस बनता जा रहा है। पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी द्वारा विधायक बेटे अजित पाल त्यागी पर आरोप लगाने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ ले लिया है। संदेह के आधार पर पुलिस जिस शख्स को तलाश रही थी, उसकी तरफ से कद्दानवर नेता की खुली पैरवी आने के बाद पुलिस ने भी अपनी जांच का नजरिया बदल लिया है। पुलिस ने अब विधायक के करीबी की बजाय हिंदू संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष और शूटर्स पर अपना फोकस कर दिया है। पुलिस का कहना है कि इन दोनों में से किसी एक के भी पकड़़े जाने पर हत्याकांड से पर्दा उठ जाएगा।.....................
बता दें कि पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी ने नरेश त्यागी हत्याकांड में अपने विधायक पुत्र अजित पाल त्यागी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोमवार को प्रेसवार्ता की थी। उन्होंने विधायक बेटे पर आरोप लगाया था कि वह पुलिस से मिलकर उनके बड़े बेटे गिरीश त्यागी को नरेश त्यागी हत्याकांड में फंसवाना चाहते हैं। उन्होंने राजनीति से जुड़े तमाम कारणों का हवाला देते हुए विधायक बेटे अजित को कटघरे में खड़ा किया था। अभी तक अंदरूनी चल रही पारिवारिक कलह पूर्व मंत्री की प्रेसवार्ता के बाद जगजाहिर हो गई। इस प्रेसवार्ता ने नरेश त्यागी हत्याकांड में पुलिस की जांच को भी एक तरह से थाम दिया है। पुलिस अभी तक संदेह के आधार पर विधायक के करीबी की तलाश में सरगर्मी से जुटी थी। लेकिन पूर्व मंत्री द्वारा उनके पक्ष में खड़े होने पर किसी तरह का रिस्क न लेने की बात मन में ठान ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब हिंदू संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष और शूटर्स पर फोकस किया जाएगा। इसके बाद ही किसी अन्य पर हाथ डाला जाएगा।
हिंदू संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष के विदेश भागने का अंदेशा..............
पुलिस का मानना है कि हिंदू संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष से पूछताछ के बाद हत्याकांड की सारी परतें खुलती चली जाएंगी। लेकिन घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा है। उसने अपने किसी रिश्तेदार या करीबी से भी संपर्क नहीं साधा है। ऐसे में पुलिस यह अंदेशा भी जता रही है कि हत्याकांड के असल आरोपी सामने न आ सकें, इसके लिए हिंदू संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष को विदेश भगा दिया गया है। पुलिस इस संबंध में जानकारी भी जुटा रही है।
बाहरी थे शूटर्स, उन्हें नहीं थी विधायक के मामा की जानकारी................
पुलिस का यह भी मानना है कि पश्चिम उत्तर प्रदेश का कोई भी बदमाश या शूटर विधायक के मामा की हत्या का जोखिम नहीं उठाएगा। ऐसे में नरेश त्यागी को गोली मारने वाले शूटर्स का बाहरी होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। पुलिस का कहना है कि शूटर्स को यह नहीं बताया गया होगा कि वह जिसकी हत्या करने जा रहे हैं, वह विधायक के मामा हैं। कार्यवाहक एसपी सिटी रामानंद कुशवाहा का कहना है कि शूटर्स की पहचान के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। हर एंगल पर मामले की जांच चल रही है। शूटर्स के पकड़े जाने के बाद हत्याकांड की हर कड़ी खुलती चली जाएगी।