- धोखाधड़ी, लूट, रंगदारी समेत कई धाराओं का समन देख मुजफ्फरनगर के कारोबारी की हालत बिगड़ी
- कोर्ट में आने पर समन के फर्जी होने का पता चला, जिला जज के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। मुजफ्फरनगर के कारोबारी ब्रजभूषण को गाजियाबाद की एसीजेएम कोर्ट का फर्जी समन भेजने का मामला सामने आया है। रंगदारी, लूट, धोखाधड़ी समेत अन्य संगीन धाराओं का समन देख कारोबारी की हालत बिगड़ गई। कोर्ट पहुंचने पर समन के फर्जी होने का पता लगा तो कारोबारी ने राहत की सांस ली। पीड़ित द्वारा जिला जज से शिकायत करने के बाद कविनगर पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती निवासी कारोबारी अजय कुमार जैन समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।...............
मुजफ्फरनगर के नवीन मंडी स्थल में मैसर्स मनोज ट्रेडर्स के नाम से कारोबार करने वाले ब्रजभूषण उर्फ बिडू का कहना है कि नगर कोतवाली गाजियाबाद के नई बस्ती निवासी अजय कुमार जैन और उनके परिवार के लोग परिवार के अबय कुमार जैन, अरविंद कुमार जैन, नवीन कुमार जैन, सुधातम जैन आपस में मिलकर व्यापारिक कार्य एवं लेन-देन करते हैं। ब्रजभूषण का कहना है कि उन्हें स्पीड पोस्ट से अपर मुख्य मजिस्ट्रेट गाजियाबाद के न्यायालय का समन प्राप्त हुआ। जिसमें धोखाधड़ी, रंगदारी, लूट, अमानत में ख्यानत, मारपीट और धमकी की धाराएं थीं। समन में उन्हें 6 नवंबर को कोर्ट में हाजिर होने के आदेश दिए हुए थे। पीडि़त का कहना है कि उनका ऐसी किसी भी घटना से कोई ताल्लुक तो दूर, वाहन का चालान भी नहीं हुआ। लिहाजा समन देखकर उनके होश उड़ गए।
कोर्ट में हाजिर होने पर समन के फर्जी होने का पता चला.................
ब्रजभूषण का कहना है कि अधिवक्ताओं से समन की धाराओं के बारे में जानकारी ली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और वह बीमार पड़ गए। वह समन लेकर 6 नवंबर को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पहुंचे तो वहां से ऐसा कोई समन जारी न होने तथा इन धाराओं में कोई केस दर्ज न होने का पता चला। ब्रजभूषण के मुताबिक खोजबीन करने पर जानकारी मिली कि अजय कुमार जैन व उनके परिवार के उक्त लोगों ने कोर्ट की फर्जी मुहर बनवाकर व फर्जीवाड़ा करते हुए जाली समन तैयार किया और उन्हें परेशान करने के लिए उनके पते पर भेज दिया। इसके बाद ब्रजभूषण ने जिला जज, राष्ट्रपति, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया आदि को शिकायत भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई। जिला जज के आदेश के बाद कविनगर पुलिस ने अजय कुमार जैन व उनके परिवार के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।