बिजली की दर और समस्याओं पर दिल्ली में घेराव करेगी भानू
- वैशाली सेक्टर 4 में किसान संगठन की बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
वैशाली सेक्टर-4 में रविवार को भारतीय किसान यूनियन भानू संगठन के किसानों की बैठक हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप ने बिजली की बढ़ती दर और किसानों के ट्यूबवेल पर लगाए जा रहे मीटर व अन्य समस्याओं पर दिल्ली में घेराव करने की रणनीति बनाई।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग में भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन बहुत जल्द किसानों की समस्याओं पर दिल्ली में घेराव करने की रणनीति तैयार कर रहा है। उनका आरोप है कि प्रदेश में किसानों की हालत बेहद बेकार होती जा रही है। बिजली की दरों में लगातार बढ़ोतरी के अलावा किसानों के ट्यूबवेल पर मीटर लगाए जा रहे है। सिर्फ इतना ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों पर पशुपालन के लिए कमर्शियल कनेक्शन लेने का बिजली विभाग द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसान यूनियन किसी भी कीमत पर बिजली की बढ़ी दर लागू नहीं होने देगी। उनके मुताबिक दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे का मामला हो या फिर वेब सिटी और लोनी यूपीएसआईडीसी का मामला समेत सभी में किसान वर्ग हताश और परेशान हैं। बैठक में शलभ गुप्ता को संगठन में जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान बेगराज गुर्जर, महेंद्र फौजी, सतीश ठाकुर, राजेश ठाकुर, राजकुमार नागर, प्रमोद त्यागी, दीपक शर्मा और साकिर पठान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।