सबहेडः एक समान मुआवजे को लेकर आंदोलन किसानों ने बनाई रणनीति, धरना-प्रदर्शन में छह से अधिक गांव के किसान लेंगे भाग
- बीते दो सप्ताह में चार बार रुकवा चुके हैं योजना में काम
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। एक समान बढ़े हुए मुआवजे को लेकर आंदोलनरत मधुबन बापूधाम योजना से प्रभावित किसान सोमवार को कलक्ट्रेट का घेराव करेंगे। कलेक्ट्रेट घेराव को लेकर रविवार को सदरपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में छह गांव के किसानों ने आंदोलन की रणनीति बनाई। किसानों ने कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन में छह से अधिक गांव के 1000 से ज्यादा किसानों के भाग लेने की बात कही है।
सदरपुर प्राथमिक विद्यालय में रविवार को हुई बैठक में बड़ी संख्या में किसानों के साथ महिलाओं ने भी भाग लिया। बैठक में सदरपुर, मैनापुर, नंगलापाट, याकूबपुर, मोरटा और दुहाई के किसान ने हिस्सा लिया। आंदोलन अध्यक्ष व किसान नेता सुदीप शर्मा ने कहा कि एक समान बढ़े हुए मुआवजे की मांग पर किसान अडिग हैं। जीडीए और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार किसानों को लगातार भ्रमित कर रहे हैं। किसानों को बार-बार बातचीत का आश्वासन देकर समस्या के समाधान की बात कही जाती है, लेकिन बाद में कोई नतीजा नहीं निकलता है।
उन्होंने कहा कि बैठक में सभी गांव के किसानों ने एकमत से सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव करने का निर्णय किया है।विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्राली के साथ भाग लेंगे। धरना प्रदर्शन में महिलाएं भी भाग लेंगी। इस मौके पर महेंद्र मुखिया, बॉस चौधरी, सुरदीप शर्मा, भूपेंद्र चौधरी, गौरीशंकर, संदीप चौधरी, आशु चौधरी सहित तमाम किसान मौजूद रहे।