इंदिरापुरम की नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों पर होगी कार्रवाई,मिली दो क्रेन
- फेडरेशन के ट्वीट के बाद एसपी ट्रैफिक ने दी जानकारी
- सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी होने के बाद होती थी जाम की समस्या, मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
इंदिरापुरम के हाईराइज सोसायटीज के बाहर नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने पर अब कार्रवाई होगी। एओए फेडरेशन के ट्वीट के बाद एसपी ट्रैफिक ने दो क्रेन को व्यवस्था में लगवा दिया है। इस पर फेडरेशन के संरक्षक ने राहत महसूस की है। ट्वीट में हाईकोर्ट के 2 वर्ष पुराने आदेश को भी शेयर किया गया था।
एओए फेडरेशन के संरक्षक आलोक कुमार ने ट्विटर पर इंदिरापुरम में जगह-जगह लग रही अवैध पार्किंग को लेकर को नाराजगी जाहिर की थी। उनका आरोप है कि 2 वर्ष पूर्व हाईकोर्ट ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को टीम बनाकर नो पार्किंग जोन समेत मुख्य सड़कों से होने वाली समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद इंदिरापुरम को तीन क्रेन और पांच ट्रामा देने की व्यवस्था हुई थी। मगर अब यह व्यवस्था लगभग गायब हो गई है जिस कारण इंदिरापुरम में जगह-जगह अवैध पार्किंग से समस्या बढ़ने लगी है। ट्विटर पर फेडरेशन के संरक्षक के इस ट्वीट को लोगों ने विभिन्न सोसायटियों से समर्थन दिया था। इस ट्वीट के बाद पुलिस विभाग ने इंदिरापुरम के दो क्रेनों को व्यवस्था बनवाने में लगवा दिया है। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाह का कहना है कि ट्वीट के जरिए मामला संज्ञान में आने के बाद जाम को खत्म करने के लिए दो क्रेन लगवा दी गई हैंं। यदि कोई नो पार्किंग जोन में गाड़ियां पार्क करता है और उससे जाम की स्थिति होती है तो तत्काल सूचना पर क्रेन भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
---------------------------------
सुमित कुमार