पोस्ट कोविड क्लीनिक में नियुक्त होगा स्टाफ
- सहयोगी स्टाफ के रूप में रहेंगे मनोवैज्ञानिक काउंसलर
- सारी-आईएलआई के लक्षण वाले और कोमार्बिड की विशेष निगरानी
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। पोस्ट कोविड क्लीनिक में एक एलोपैथिक और एक आयुष चिकित्सक की तैनाती होगी। सहयोगी के तौर पर एक मनोवैज्ञानिक काउंसलर, दो स्टाफ नर्स, दो वार्ड बॉय, ईसीजी टेक्नीशियन एवं एक कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती होगी।
पोस्ट कोविड क्लीनिक में थर्मल स्कैनर के अलावा पल्स ऑक्सीमीटर, रेस्पाइरोमीटर, ईसीजी मशीन, पीपीई किट और मास्क आदि की व्यवस्था करने के निर्देश शासन ने दिए हैं। क्लीनिक में पहुंचने वाले लोगों का पंजीकरण किया जाएगा और पंजीकरण के समय ही स्टेट कोविड पोर्टल से उसकी सभी जानकारी जुटाई जाएगी। संक्रमण के दौरान सारी (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन) और आईएलआई (इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस) लक्षण या अन्य किसी गंभीर बीमारी के चलते कोमार्बिड रोगियों पर विशेष ध्यान देने और अच्छी तरह स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। मानसिक अस्वस्थता होने पर मनोचिकित्सक को रेफर किया जाए।
संक्रमण मुक्त होने के बाद हो रही है परेशानी
कोरोना संक्रमण मुक्त होने के बाद दस फीसद मरीजों को थकावट, शरीर में दर्द, खांसी, गले में दर्द में खराश, सांस लेने में दिक्कत के अलावा भूलने सहित मानसिक रूप से परेशानी आ रही है।
बता दें कि जिला अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ काम कर रहा है। पोस्ट कोविड क्लीनिक में सभी स्वास्थ्य कर्मी और रोगी मास्क पहनेंगे और शारीरिक दूरी का पालन करेंगे।
सांस लेने में तकलीफ होने पर सीधे लेटकर गहरी सांस ले
कोविड संक्रमण से ठीक होने के बाद यदि किसी को सांस लेने में तकलीफ होती है तो ऐसा होने पर सीधे लेट जाएं और गहरी सांस लें। ऐसा करने से फेफड़े के वायु कोष्ठक खुल जाते हैं और शरीर को ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा मिलती है। खांसी आने की शिकायत पर पानी उबालकर भाप लेने और थकान होने पर बीच-बीच में आराम करने की सलाह देने के लिए कहा गया है। पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन के लिए प्रेरित करने, शराब, सिगरेट, चाय, कॉफी, मिर्च, मसाला आदि से बचने और नींद न आने व अवसाद की स्थिति में योग-व्यायाम के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------
जिला एमएमजी अस्पताल में पोस्ट कोविड क्लीनिक शुरू कर दिया गया है। गाइड लाइन के हिसाब से व्यवस्थाएं पूरी कराई जा रही हैं। पोस्ट कोविड क्लीनिक को डेडीकेटेड कोविड क्लीनिक का नाम दिया गया है। यह केवल उन व्यक्तियों के लिए हैं जो कोरोना संक्रमित होने के बाद पूर्ण रूप से रिकवर कर चुके हैं और किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या से ग्रसित हैं।
डा. एनके गुप्ता, सीएमओ
-------------
आशुतोष यादव