सबहेडः विजयनगर जोन के जे और के-ब्लॉक के पास हरित पट्टी की जानी थी विकसित
- विकास के लिए नगर निगम ने मंजूर किए थे 15 लाख
- गुपचुप तरीके से नर्सरी संचालक को दे दी आधी से ज्यादा जमीन
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। नगर निगम में हरित पट्टियों के विकास के मामले में एक नया खेल सामने आया है। नगर निगम की ओर से विजयनगर जोन के जे और के-ब्लॉक में मदर डेयरी के पास हरित पट्टी के विकास पर 15 लाख खर्च किए जाने थे। हरित पट्टी के विकास से पहले ही आधे से ज्यादा जमीन गुपचुप तरीके से नर्सरी की संचालक को देने का मामला सामने आया है।
मामले की भनक लगते ही विजयनगर मंडल उपाध्यक्ष नागेश ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर हरित पट्टी के आवंटन का आदेश रद्द करने की मांग की है। मांग नहीं माने जाने पर उन्होंने नगर निगम कार्यालय पर धरना देने की बात कही। साथ ही निर्धारित की गई 15 लाख की राशि को हरित पट्टी के विकास पर खर्च करने की मांग भी की है। मामला संज्ञान में आने पर नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
-----------