शरद पूर्णिमा के मौके पर किसी ने लगाए पौधे तो किसी ने किया दान
- मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना के साथ ही लोगों ने किया दान
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। शरद पूर्णिमा के मौके पर मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना के साथ ही सामाजिक संस्थाओं द्वारा पौधरोपण और दान आदि किया गया। इस मौके पर भारत विकास परिषद के सहयोग से शिप्रा रिवेरा सोसायटी के बाहर 101 तुलसी के पौधे वितरित किए गए। इसके साथ ही प्रकृति पौधशाला में पौधरोपण भी किया गया।
प्रकृति सत्याग्रह मिशन के तहत डीपी पांडेय द्वारा तुलसी पौधे का वितरण किया गया। डीपी पांडेय ने कहा कि कार्तिक माह में तुलसी पूजन से विशेष लाभ मिलता है, ऐसे में लोगों को यह पौधा अधिक से अधिक दान करना चाहिए। पौधे दान के साथ ही कई संस्थाओं द्वारा अनाज और फल भी दान किया गया। वहीं मंदिरों में पूजा अर्चना की गई एवं शाम के समय दीपदान किया गया।