मानकों को दरकिनार कर खुले में लगवाए विद्युत मीटर
- शिखर एंक्लेव के लोगों ने की सीएम पोर्टल पर शिकायत
- लोगों ने कहा लापरवाही से लगाए गए विद्युत मीटर से हो सकता है हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा, सेक्टर 15 स्थित आवास एवं विकास परिषद की कॉलोनी शिखर एंक्लेव में आविप द्वारा मानकों को दरकिनार कर खुले में विद्युत मीटर लगवाए गए हैं। परिसर के कॉमन एरिया, क्लब हाउस, स्विमिंग पूल व यूजीआर के लिए बिजली के मीटर बाउंड्री वॉल पर महज 2.5 फ़ीट की हाइट पर ही लगवा दिये गये है। स्थानीय लोगों ने सीएम पोर्टल पर शिकायत की है कि इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शिकायतकर्ता संदीप गुप्ता का कहना है कि मानकों के मुताबिक यह मीटर कम से कम 6.5 फ़ीट की ऊँचाई पर होने चाहिए। कम ऊंचाई पर मीटर होने पर प्रॉपर तरीक़े से लोहे के जाल से कवर होने चाहिए और ऊपर से शेड होनी चाहिए। ऐसा होने से कोई गलती से भी मीटर के चपेट में नहीं आ सकता। संदीप गुप्ता का कहना है कि आविप अधिकारियों द्वारा परिसर की अन्य जगहों पर इन मानकों का पालन किया भी गया है लेकिन कई जगह लापरवाही बरती गई है। खुले में बिजली के मीटर लगाने से आस-पास खेलते बच्चों के साथ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर की गई है ताकि अधिकारी इसे संज्ञान में ले सकें।
———————————————-