- डासना नगर पंचायत के व्हाट्सएप ग्रुप पर सभासद ने डालीं 4 अश्लील वीडियो
- अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर मसूरी पुलिस ने दर्ज किया केस, सभासद की तलाश जारी
मसूरी। नगर पंचायत डासना के वार्ड नम्बर-5 के सभासद फिरोज अहमद द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप पर अश्लील वीडियो भेजने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने सभासद के खिलाफ तहरीर दी। जिसके आधार पर मसूरी पुलिस ने सभासद के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभासद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।...............
जानकारी के मुताबिक डासना नगर पंचायत का एक व्हाट्सएप ग्रुप बना हुआ है जिसमें नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के अलावा सभी सभासद जुड़े हुए हैं। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की तहरीर के मुताबिक सभासद फिरोज अहमद ने व्हाट्सएप ग्रुप पर चार अश्लील वीडियो डाल दीं। ग्रुप पर अश्लील वीडियो डालते ही उसमें जुड़े सभी सदस्यों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आपत्ति के बावजूद सभासद ने ग्रुप से वीडियो डिलीट नहीं की। सभासद का यह कारनामा पूरे नगर पंचायत में चर्चा का विषय बन गया। कार्यालय के कर्मचारी सुरेंद्र कुमार ने अधिशासी अधिकारी को सभासद द्वारा अश्लील वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप पर डालने के संबंध में सूचित किया, जिसके बाद कार्रवाई की तैयारी शुरु कर दी गईं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सभासद का कारनामा.........
नगर पंचायत के सभासद द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप पर अश्लील वीडियो डालने का मामला कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने सभासद के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ-साथ नगर पंचायत द्वारा सख्त एक्शन लेने की मांग की। मसूरी एसएचओ राघवेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है सभासद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।