एटीएम जेब में लेकिन निकल गए बीस हजार रुपये
- इंदिरापुरम के शिप्रा रिवेरा निवासी ने थाना इंदिरापुरम में दी शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
इंदिरापुरम की ज्ञान खंड स्थित शिप्रा रिवेरा में रहने वाले व्यक्ति से ठगों ने बीस हजार रुपये ठग लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई। उन्होंने थाना इंदिरापुरम में अज्ञात के खिलाफ ठगी की शिकायत दी है।
शिप्रा रिवेरा सोसायटी में सैयद फिरोज हैदर रहते हैं। 26 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर दो मैसेज आए कि उनके एटीएम से दस दस हजार रुपये की ट्रांजेक्शन की गई है। जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने अपना एटीएम चेक किया तो वह उनके पास था। उनका कहना है कि उन्होंने कहीं भी अपना एटीएम इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने तुरंत कार्ड ब्लॉक करा दिया है। इसके साथ ही थाना इंदिरापुरम में ठगी की शिकायत दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना इंदिरापुरम एसएचओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की मामले की जांच की जा रही है।