साप्ताहिक बंदी के दिन बाजार खोलने को ज्ञापन
- विधायक सुनील शर्मा को दिया व्यापारियों ने ज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
त्योहारों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने विधायक सुनील शर्मा को साप्ताहिक बंदी खत्म करने के लिए ज्ञापन सौंपा है। व्यापारियों का कहना है कि मंगलवार के दिन भी दुकानें खुलवाकर राहत दी जाए। इस बीच रात्रि में समय भी बढ़वाने की मांग की गई।
व्यापारी विकास अग्रवाल ने बताया कि कोरोना काल में व्यापारियों का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इसके बाद प्रशासन से राहत मिलने के बाद व्यापारियों का कारोबार शुरू हो सका है। अब व्यापारियों को त्योहार के सीजन में साप्ताहिक बंदी से दिक्कत हो रही है। ऐसे में मंंगलवार के दिन भी दुकानें खोलकर राहत दिलाई जाए। साथ ही रात में दुकान बंद करने के समय भी कम किया जाए। जिससे व्यापारी वर्ग अपना कारोबार कर सके। विधायक सुनील शर्मा ने उन्हें जल्द समाधान का भरोसा दिया है।
-------------------------------------------------
सुमित कुमार