बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों का आतंक चरम पर है। सरकारी कार्यालय हों या फिर चुनावी रैलियां, चोर सरेआम चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं, अब वन विभाग कार्यालय के सामने से मंगलवार देर शाम एक कार से लैपटाप और ढाई लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया गया। पीडि़त अलीगढ़ निवासी कार मालिक शिवांशु की तहरीर पर नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के प्लाजा सेंटर प्वाइंट निवासी शिवांशु पुत्र राजेंद्र प्रसाद दिल्ली की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते हंै। उन्होंने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह गत मंगलवार को वन विभाग के कार्यालय में एक अधिकारी के विदाई समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। शिवांशु ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार को वन विभाग के आफिस के बाहर खड़ा कर दिया। जल्दबाजी में शिवांशुु अपनी कार को लॉक करना भूल गए। जबकि, कार में ढाई लाख रुपये और कंपनी का लैपटाप था। जब वह कार्यक्रम से बाहर आए तो उन्होंने देखा कि रकम से भरा बैग और लैपटाप दोनों गायब है। जिसके बाद उन्होंने उसी समय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की, साथ ही सीसीटीवी कैमरे खंगाले। नगर कोतवाल अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि पीडि़त की तरफ से एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आसपास के रहने वाले कई लोगों से पूछताछ भी की गई है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।