बुलंदशहर। आम आदमी पार्टी द्वारा डिवाइडर लगाने से पूर्व मार्ग में अवरोधक हटवाने के साथ सड़क निर्माण की मांग की थी। पार्टी द्वारा बुधवार से आंदोलन शुरू किए जाने पर मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व विरोध प्रदर्शन की संभावना देखते हुए नगर कोतवाली पुलिस द्वारा आप जिलाध्यक्ष विकास शर्मा, जिला महासचिव शैलेंद्र लोधी, विधानसभा प्रभारी संजय मित्तल समेत चार लोगों को जिलाध्यक्ष के आवास से नगर कोतवाली में लाकर नजर बंद कर दिया। वहीं, जनसभा समापन होने के बाद जिलाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को रिहा कर दिया गया। जिलाध्यक्ष विकास शर्मा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए बताया कि पार्टी द्वारा जनहित के मुद्दे उठाने से भाजपा सरकार को डर लगने लगा है। जनहित के मुद्दे उठाने वाले लोगों को नजरबंद कर दिया जाता है। उधर, नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया। सुबह आप जिलाध्यक्ष थाने पर किसी मामले में बातचीत करने आए थे। जबकि, नगर कोतवाल सुबह जिलाध्यक्ष के आवास पर पुलिसबल संग लेने जाते हुए कैमरे में कैद नजर आए।