अंधेरे में डूब रही सड़कें प्रकाश विभाग का नहीं उठ रहा फोन
- लोगों की शिकायत अब प्रकाश विभाग के अधिकारी ने फोन उठाना भी किया बंद
- आरडब्ल्यूए ग्रुप में भी नहीं देते कोई जवाब
- वसुंधरा के लोगों ने कहा नगर आयुक्त के आदेश की भी हो रही अनदेेखी
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-1 और 15 की मुख्य सड़क पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। इसकी वजह से शाम होते ही सड़क पर अंधेरा छा जाता है। स्थानीय लोगों द्वारा नगर निगम में कई बार शिकायत की जा चुकी है बावजूद इसके अब तक भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। प्रकाश विभाग के अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक ने अब रेजिडेंट्स का फोन तक उठाना बंद कर दिया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
वसुंधरा स्थित शिखर एन्क्लेव के सामने से लेकर राहुल डेयरी तक केवल एक लाइट को छोड़कर बाक़ी सभी स्ट्रीट लाइट ख़राब है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट खराब होने से सड़कों पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है, जिसकी वजह से अपराध को बढ़ावा मिल रहा है। शिखर एंक्लेव निवासी संदीप गुप्ता का कहना है कि सोसायटी गेट के आगे पिछले एक महीने में महिलाओं के साथ स्नैचिंग की तीन वारदात हो चुकी हैं। इसके अलावा कुछ दिन पहले एक कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप भी चोरी किया जा चुका है। दोनों ही मामलों की शिकायत नगर निगम में की जा चुकी है लेकिन अब तक भी किसी ने स्ट्रीट लाइट की सुध नहीं ली है। वहीं वसुंधरा सेक्टर-1 की मुख्य सड़क पर ग्यारह स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है। इस मामले की शिकायत आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा द्वारा नगर आयुक्त से किया जा चुका है। हालांकि अभी तक इस मामले पर किसी ने भी संज्ञान नहीं लिया है। खराब स्ट्रीट लाइट के साथ ही आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने सेक्टर-1 में पिछले एक सप्ताह से दिन रात जल रहे स्ट्रीट लाइट की भी शिकायत की है लेकिन इसे भी देखने कोई लाइनमैन नहीं आया है।
---------
निशा ठाकुर