माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर पांच निवासी रिटायर्ड असिस्टेंट इंजीनियर के खाते से शातिर ठगों ने ५० हजार रुपये निकाल लिए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर खाने का विज्ञापन देखकर दिए गए नंबर पर कॉल कर रेट पूछा। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से रुपये निकल गए। उन्होंने इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वसुंधरा सेक्टर पांच में वीके त्यागी परिवार के साथ रहते हैं। वह बीईएल कंपनी से असिस्टेंट इंजीनियर के पद से रिटायर्ड हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खाने का विज्ञापन देख रहे थे। इस दौरान उन्होंने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर कॉल कर खाने की थाली का रेट पूछा। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक लिंक आया। उस लिंक में डिटेल भरनी थी। वह लिंक को ओपन कर अपनी डिटेल भर रहे थे। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक के बाद एक कई मैसेज आए। मैसेज खोलकर देखा तो वह दंग रह गए। उनके खाते से ५० हजार रुपये निकल गए थे। उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया लेकिन काल नहीं लगा। इसके बाद पीडि़त ने इंदिरापुरम थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। नंबर के आधार पर आरोपी की डिटेल खंगाली जा रही है।