बुलंदशहर।नगर कोतवाली के देवीपुरा-कृष्णानगर इलाके में बाइक सवार स्नैचरों का आतंक है। आए दिन बाइक सवार आरोपी इस रोड पर चेन स्नेचिंग आदि वारदातों को अंजाम देते हैं। रविवार देर शाम एक अधिवक्ता की वृद्ध मां के कान से बाइक सवार आरोपी ने सोने का कुंडल लूट लिया। इस दौरान वृद्ध महिला का कान भी फट गया। जिनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला विजय नगर देवीपुरा द्वितीय निवासी अधिवक्ता राजीव कुमार ने सोमवार को एसएसपी दफ्तर पहुंच कर शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी ७३ वर्षीय मां प्रेम पत्न्ी स्व. रामचरन सिंह रविवार शाम को टहल कर वापस घर लौट रही थीं। जब वह चारखंभा रोड पर पहुंची तो पीछे से आए एक बाइक सवार लुटेरे ने उनके कान से कुंडल झपट्टा मार कर लूट लिया और फरार हो गया। इस दौरान उनकी मां का कान भी फट गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है। घर पहुंच कर उन्होंने परिजनों को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद उनका नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भी जांच पड़ताल की। पीडि़त अधिवक्ता ने एसएसपी को बताया कि इस रोड पर स्थित दो कन्फैक्शनरी पर सुबह से आवारा लड़कों को आना जाना लगा रहता है। पूर्व में ही इस इलाके में मर्डर और लूट जैसी वारदातें हो चुकी हैं।