माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। प्रत्येक कार्यदिवस में पुलिस कार्यालय पर आम जनमानस की समस्याओं की जनसुनवाई की जाती है, लेकिन कार्य में व्यस्तता के कारण पुलिसकर्मी अपनी समस्या उच्चाधिकारियों तक नहीं पहुंचा पाते हैं। जिसके चलते वह ड्यूटी में भी रुचि नहीं लेते हैं और तनाव में रहने लगते हैं। इससे कार्य करने की गुणवत्ता में भी कमी आती है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों के वेलफेयर व उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा रविवार को पुलिस कार्यालय में पुलिस कार्मिक सुनवाई सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के सभी उच्चाधिकारीगण मौजूद हैं।इसमें एसएसपी द्वारा जनपद के 326 कर्मचारियों की विभाग से संबंधित व अन्य व्यक्तिगत समस्याओं को स्वयं सुना गया और 250 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अन्य समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस कर्मियों से कहा गया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।पूर्व में भी एसएसपी द्वारा पुलिस कर्मियों की समस्या सुनने के लिए सुनवाई सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें प्राप्त अधिकांश शिकायतों का निस्तारण किया गया था।
गौरतलब है कि एसएसपी द्वारा पुलिस कर्मियों को उनके जन्मदिन, शादी की सालगिरह, उनके बच्चों के जन्मदिन, किसी नजदीकी रिश्तेदार की शादी व अन्य समारोह में सम्मिलित होने के लिए अवकाश दिए जाने के बाबत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। सुनवाई के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों को एक रजिस्टर में दर्ज किया जा गया। एसएसपी ने बताया कि इससे न केवल कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण होगा, बल्कि उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी तथा वह पूर्ण मनोयोग से अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगें। बताया 326 शिकायतों में से 201 शिकायतें स्थानांतरण से संबंधित है।