गुलावठी। थाना पुलिस ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पटाखे बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। साथ ही मौके से पुलिस ने आरोपी अरशद को दबोच कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सचिन मलिक ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि नगर के मोहल्ला नन्नू खां में एक व्यक्ति अवैध रूप से पटाखे बना रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मोहल्ला नन्नू खां में एक मकान पर दबिश दी। जहां अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम हो रहा था। पुलिस ने मौके से 35 कार्टून छोटे बम, एक बोरी सफेदपाउडर, एक बोरी सिल्वर पाउडर, एक हजार खाली बम, एक हजार रेपर बम, एक छलनी व एक टेपिंग मशीन बरामद की। कोतवाल के अनुसार पुलिस ने मौके से अरशद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि अवैध रूप से पटाखों का निर्माण कर भविष्य में दीपावली आदि त्यौहारों पर अवैध रुप से बिक्री की तैयारी थी। लेकिन, समय रहते मुखबिर की सूचना पर फैक्ट्री का भंडाफौड़ कर दिया गया। साथ ही कोतवाल ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी यदि कोई इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।