कोरोना का निकला दम, पॉजिटिविटी रेट हुआ कम
-रिकवरी रेट बढ़कर हुआ 91 फीसदी
-एक माह में करीब नौ प्रतिशत बढ़ी रिकवरी
- अक्टूबर माह में पॉजिटिविटी रेट भी गिरकर 3.7 प्रतिशत पहुंचा
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिले में धीरे-धीरे कोरोना वायरस कमजोर होने लगा है। पिछले महीने की अपेक्षा तेजी से मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ रहा है। पॉजिटिव होने वाले मरीजों में भी कमी आई है। ताजे आंकड़े प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं आम लोगों के लिए राहत देने वाले है। हालांकि अभी एहतियात जरूरी है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय का कहना है कि रिकवरी रेट में लगातार सुधार आ रहा है। अब कोरोना के उपचाराधीनों का रिकवरी रेट बढ़कर 91 प्रतिशत पहुंचा गया है। एक माह पूर्व जनपद में रिकवरी रेट 82.39 फीसदी था, जबकि करीब 15 दिन पहले यह 86 फीसदी दर्ज किया गया था।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पॉजिटिविटी रेट भी काफी कम हुआ है। अक्टूबर के पहले पखवाड़े में पॉजिटिविटी रेट गिरकर 3.7 फीसदी रह गया है, जबकि पूरे कोरोना काल की बात करें तो पॉजिटिविटी 4.4 पर पहुंच गई है। कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा भी नीचे आ गया है। कोरोना से होने वाली मृत्यु दर मात्र 0.48 रह गई है। एक माह पहले यह आंकड़ा 0.65 प्रतिशत था। कोरोना मामलों की संख्या में तो गिरावट दर्ज हो ही रही है, मामलों की गंभीरता भी कम हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि आमजन की सतर्कता के साथ ही कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और उनकी जांच की गति तेज होने से यह सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
अब तक जिले में 3.68 लाख लोगों के कोरोना टेस्ट हो चुके हैं। पिछले एक माह के दौरान ही करीब एक लाख टेस्ट हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर माह के पहले पखवाड़े में ही 62000 टेस्ट हो गए हैं। इनमें 2290 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। 14 अक्टूबर की शाम तक जनपद में पॉजिटिव मामलों की संख्या 16, 689 हो गई थी। एक माह पहले यानी 14 सितंबर तक जनपद में पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 11, 230 था। यानी पिछले एक माह में जनपद में साढ़े पांच हजार से कम मामले सामने आए हैं। इस एक माह के दौरान जनपद में कुल सात मौतें हुई हैं।
--------------
आशुतोष यादव