स्याना। थाना क्षेत्र में चोर-बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों ने मंगलवार देर रात हथियारों के बल पर मोहलला नंदपुरी के सामने स्थित नई आबादी में तीन घरों में एक के बाद एक कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्याना-बीबीनगर रोड पर नंदपुरी मौहल्ले के सामने स्थित नई आबादी निवासी चांद खां ने बताया कि मंगलवार रात को वह अपने परिवार के साथ सो रहा था। इसी दौरान हथियारबंद बदमाश घर में सीढ़ी लगाकर अंदर घुस आए। साथ ही आरोपियों ने हथियारों के बल पर एक लाख १५ हजार रूपये की नकदी, दो जोड़ी सोने के कुंडल, चांदी के सैंपल सहित पुत्र वधू के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गए। पीडि़त ने बताया कि इसके बाद बदमाश पड़ोसी मोहसिन के घर में भी सीढ़ी लगाकर घुस गए और परिवारीजनों से सोने के कुं डल, पाजेब सहित दो हजार रूपये की नगदी चोरी कर ली। इसके बाद बदमाशों ने इसी मौहल्ला निवासी हिना परवीन के घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। साथ ही पीडि़त जमील उर्फ चांद की तहरीर पर चोरी की वारदात दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वीडियो में परिजनों ने बताया पांच थे बदमाश, यानि हुई डकैती
स्याना क्षेत्र में तीन घरों में पुलिस ने चोरी की वारदात को दर्ज किया है। लेकिन, उक्त मामले के वादी का वीडियो सामने आया है। जिसमें उसका कहना है कि पांच हथियार बंद बदमाश रात करीब दो बजे घर में घुसे थे। इसके बाद उन्होंने हथियारों के बल पर आतंकित कर लूटपाट की थी। जिससे साफ है कि डकैती की वारदात को चोरी में दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस मामले में चोरी की ही तहरीर मिलने की बात कह रही है। वीडियो बयान और तहरीर में अंतर नजर आ रहा है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।
कोट
मामले में चोरी की तहरीर मिली है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा। - जितेंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी