बुलंदशहर। बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी युनूस को नामांकन करते ही चुनौती मिलनी प्रारंभ हो गई है। भाजपा आईटी विभाग ने ट्विट कर हाजी युनूस के द्वारा लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन व आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। जिसका संज्ञान लेते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने बसपा प्रत्याशी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दरअसल, बुलंदशहर सदर सीट से भाजपा के विधायक रहे वीरेंद्र सिंह सिरोही का निधन हो गया था। जिसके कारण अब यहां पर उप चुनाव होना है। रालोद और कांग्रेस के प्रत्याशी अपना नामांकन पहले ही कर चुके हैं। सोमवार को बसपा प्रत्याशी मोहम्मद युनुस नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में भीड़ पहुंची। जबकि जिलाधिकारी ने चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू कर दी थी। वहीं, प्रत्याशियों को हिदायत दी गई थी कि वह कोरोना काल में अपने साथ भीड़ न लेकर आए। बावजूद इसके बसपा प्रत्याशी मोहम्मद युनुस ने अपने सैकड़ों की संख्या में लोगों को लेकर तहसील परिसर में पहुंच गए। न तो कोई शारीरिक दूरी का पालन कर रहा था और कई लोगों ने मास्क भी नहीं लगाए थे। वहीं, धारा 144 का उल्लंघन भी किया गया। इस संबंध में भाजपा आईटी विभाग ने भी ट्विट कर कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, नगर कोतवाल अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि धारा 171ए (कोरोना वायरस को फैलाना) और धारा 144 के उल्लंघन की धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।