बुलंदशहर। सदर सीट पर आगामी दिनों में होने वाले उपचुनाव में अवैध शस्त्रों और कारतूसों की बिक्री रोकने के लिए शस्त्र विक्रेताओं पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।शस्त्र विक्रेताओं को अपने यहांं से हथियार की बिक्री के साथ एक-एक कारतूस की बिक्री का पूरा लेखा जोखा रखना होगा। ऐसा न होने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपचुनाव को सकुशल और शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तैयारियां कर रहा है। असामाजिक तत्वों द्वारा लोगों को डराने-धमकाने के लिए तमंचे आदि अवैध हथियारों का प्रयोग किया जाता है, हालांकि इनके लिए कारतूस की व्यवस्था लाइसेंस धारकों की मदद से शस्त्रों की दुकान से होती है। बीते दिनों भी इस तरह की एक शिकायत पुलिस को मिली थी। जिस पर अभी तक जांच ही चल रही है। पुलिस अधिकारियों ने इसी कड़ी को तोडऩे के लिए शस्त्र विक्रेताओं पर भी शिकंजा कस दिया है। सभी शस्त्र विक्रेताओं को पूरा रिकार्ड दुरुस्त रखने के लिए कहा गया है। शस्त्र विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि अगर उनके रिकार्ड और उपलब्ध शस्त्र-कारतूस की संख्या में अंतर मिला तो कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत उनकी दुकान का तत्काल लाइसेंस निलंबित किया जाएगा।
कोट
उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने शस्त्र विक्रेताओं पर नजर रखने का निर्णय लिया है। शस्त्र विक्रेता कारतूस आदि की बिक्री नियमानुसार करें और उसका पूरा रिकार्ड रखें।- अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी