भोपुरा में तीन घंटे की बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
- अंडरग्राउंड केबल लाइन में फाल्ट आने की वजह से कट
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
भोपुरा में रविवार को तीन घंटे की बिजली कटौती होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। छुट्टी का दिन होने की वजह से अधिकांश लोग घर पर थे। सुबह नौ से 12 बजे के बीच कटौती होने से लोगों को पानी भी नहीं मिल सका। इससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया। आरोप है कि विद्युत निगम में हेल्पलाइन नंबर पर भी फोन करने पर लोगों को जवाब नहीं मिला।
यहां रहने वाले चंद्र प्रकाश ने बताया कि छुट्टी का दिन होने की वजह से परिवार के सभी लोग घर पर थे। लेकिन सुबह में जब नौ बजे करीब बिजली कटौती हुई तो घर के सदस्य परेशान हो गए। जब विद्युत निगम में कॉल कर बिजली आपूर्ति की जानकारी ली गई तो किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। इससे सभी लोग काफी परेशान हुए। लोगों ने बताया कि यहां पर आये दिन यही हालात बने रहते हैं। बिजली की शिकायत करने के लिए भी लोगों को काफी दूर जाना पड़ता है। वहीं विद्युत अधिकारी का कहना है कि लोकल फाल्ट के चलते बिजली कटौती हुई थी। अंडर ग्राउंड केबल में फाल्ट आने के बाद इसे ठीक किया गया था।
---------------------
सुमित कुमार