अनूपशहर। अनूपशहर-बुलंदशहर राजमार्ग पर गांधी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज करनपुर के पास कार और बाइक की भिडंत में नगर के टांडा निवासी युवक सुधीर की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हादसे में कार और बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्र के टांडा निवासी युवक सुधीर (२७) पुत्र दर्शन सिंह मजदूरी आदि करके अपने परिवार का बुजर बसर करता था। शनिवार को वह अपनी ससुराल नूपशहर क्षेत्र के गांव लच्छमपुर से बाइक से अपने घर टांडा जा रहा था। इसी दौरान गांधी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज करनपुर के पास सामने से आ रही कार और उसकी बाइक में भिडंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार सुधाीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। वहीं, स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से मिले मोबाइल से उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया है। मामले में मृतक के साले संदीप निवासी लच्छमपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, बताया जा रहा है कि करीब तीन वर्ष पूर्व सुधीर की शादी हुई थी, और उसका डेढ़ माह का एक बेटा भी है। सुधीर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
कोट
मृतक के साले की तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। - सुभाष सिंह, कोतवाली प्रभारी अनूपशहर