कोविड के गंभीर मरीजों के इलाज में परेशानी, होगी डाक्टरों की नियुक्ति
- डाक्टरों की कमी से गंभीर मरीजों को कर दिया जाता है रेफर
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के गंभीर मरीजों को भी अब समय पर इलाज मिल सकेगा। इसके लिए प्रशासन ने डाक्टरों की नियुक्ति के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अभी तक गंभीर मरीजों को डाक्टरों के अभाव में रेफर कर दिया जाता है। अलग अलग अस्पतालों में आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकों को तैनात किया जाएगा। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि कोविड ड्यूटी में नए स्टाफ की ड्यूटी लगाने पर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। साथ ही पहले से कार्यरत स्टाफ को भी राहत मिलेगी।
राजेंद्र नगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल में 76 बेड की व्यवस्था है और कोविड एल-2 संयुक्त जिला चिकित्सालय में 100 बेड की व्यवस्था है। डाक्टरों की कमी से कई डाक्टर लगातार मरीजों का इलाज कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नए चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड ड्यूटी में नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया था। विभाग की ओर से चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी को वेतन दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से दो माह पहले विज्ञापन भी निकाला गया। इसमें विभिन्न चिकित्सकों ने सहमती दी, लेकिन वेतन को लेकर मामला पीछे हट गया। चिकित्सकों को तैनाती का फैसला नहीं लिया गया था। प्रशासन की ओर से शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया, जिसमें शासन की ओर से कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य विभाग के नाम फंड जारी किया था। इसको लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी कोविड अस्पतालों की सूची तैयार कर ली गई है, जिसमें आवश्यकता अनुसार चिकित्सकों की तैनाती दी जाएगी।
वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकों की तैनाती पर अभी विचार किया जा रहा है। जल्द उनकी नियुक्ति की जाएगी। इसमें विभाग की ओर से स्वास्थ्यकर्मी और चिकित्सकों को वेतन दिया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों की सूची प्रशासन को भेज दी गई है।
--------------
आशुतोष यादव