बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ उसके रिश्तेदार युवक ने छेड़छाड़ की। साथ ही विरोध करने पर उससे मारपीट की गई।वहीं, ससुरालीजनों ने इस संबंध में शिकायत करने पर उस पर ही आरोप लगाए। साथ ही दहेज की भी मांग पूरी न होने पर पीडि़ता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में दी तहरीर में विवाहिता ने बताया कि उसका निकाह कुछ समय पूर्व गौतमबुद्धनगर के थाना दादरी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक सलीम पुत्र अब्दुल सत्तार के साथ हुआ था। निकाह में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन निकाह में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज के रूप में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीडि़ता का उत्पीडऩ किया जा रहा था। आरोप है कि बीते दिनों पीडि़ता अपने मायके में अकेली मौजूद थी। इस दौरान उनका एक रिश्तेदार युवक नईम उसके कमरे में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने व शोर मचाने पर आरोपी मारपीट करते हुए वहां से भाग निकला। इस संबंध में पीडि़ता ने ससुरालीजनों से शिकायत की। जिसके बाद आरोपियों ने उल्टा पीडि़ता पर ही गंभीर आरोप लगाते हुए उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।