बुलंदशहर।ककोड़ थाना क्षेत्र निवासी एक मजदूर किशोरी के साथ तीन अलग-अलग लोगों के द्वारा दुष्कर्म करने, मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही दो आरोपियों को दबोच कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बता दें कि पीडि़ता वर्तमान में चार माह की गर्भवती है। साथ ही पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को ककोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी १६ वर्षीय किशोरी ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजा था। जिसमें उसने बताया था कि वह और उसका परिवार गरीब तबके से हैं। वह मेहनत-मजदूरी कर अपना भरण पोषण करते हैं। पीडि़ता भी गांव निवासी कुछ लोगों के खेत पर मजदूरी कर अपना व परिवार का पेट भरती है। पीडि़ता ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व वह गांव निवासी श्रीचंद के खेत पर मजदूरी करने के लिए गई थी। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीडि़ता ने घर पहुंच कर मामले की शिकायत की। विरोध करने पर आरोपी व उसके पुत्रों विवेक और नीशू ने घर में घुसकर पीडि़ता व उसके माता-पिता के साथ मारपीट की और शिकायत करने पर हत्या की धमकी दी। इस कारण वह चुप रहे। आरोप है करीब सात माह पूर्व वह गांव निवासी बलवीर उर्फ बल्लन के खेत पर घास काट रही थी। इस दौरान उसे आरोपी खेत मालिक ने तमंचे के बल पर ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने पीडि़ता के साथ बीते सात माह में कई बार डरा धमकाकर वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा गत दिनों गांव निवासी महेश दूध लेने के बहाने उसके घर में आया और अकेला पाकर पीडि़ता के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मामला जानकारी में आने पर एसएसपी ने थाना पुलिस व सिकंदराबाद सीओ को मौके पर भेजा। साथ ही देर रात में आरोपी ७२ वर्षीय श्रीचंद और ५२ वर्षीय बलवीर उर्फ बल्लन को दबोच लिया गया। जिन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच पड़ताल कराई जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा।