डिबाई। कोतवाली क्षेत्र के कर्णवास-राजघाट मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार दो युवकों व एक राहगीर को रौंद दिया। हादसे में रवि और वीरेंद्र की मौत हो गई। जबकि, एक युवक चपेट में आने से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। वहीं, मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव नगला बदरपुर निवासी राकेश पुत्र बबलू और रवि उर्फ विनोद कुमार (23) पुत्र लालमन सिंह राजघाट से टेंट की दुकान बंद कर गांव बाइक से वापस आ रहे थे। बताया गया कि कर्णवास मार्ग पर गांव के निकट सड़क किनारे उन्हें गांव निवासी वीरेंद्र (26) पुत्र कल्लू सिंह मिल गया। जिससे वह दोनों वहीं खड़े होकर बात करने लगे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रेक्टर ट्राली ने बाइक सहित तीनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां से रवि को परिजन अलीगढ़ हायर मेडिकल सेंटर ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, वीरेंद्र की एक प्राईवेट चिकित्सक के यहां उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को डिबाई ले आए। पुलिस ने शव बुलंदशहर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। जबकि तीसरे युवक राकेश के मामूली चोट आयी है। दो युवकों की मौत का समाचार मिलने के बाद दोनों घरों में कोहराम मचा है। वहीं, गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
मृतक रवि अविवाहित था वह पिता लालमन के साथ टैंट की दुकान पर बैठता था। दो भाईयों में वह बड़ा था। मां महेश्वरी सहित परिवार में रो-रो कर बुरा हाल है। उधर, मृतक वीरेंद्र की पत्नी रेखा अपने मासूम पुत्र को गोद में लेकर विलाप कर रही थी। मृतक की मां रूकमणी सहित अन्य परिजनों का भी रो रो कर बुरा हाल था। दो भईयो व एक बहन में मृतक वीरेंद्र बड़ा था।