बुुलंदशहर। सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के मतदान तिथि की मंगलवार को चुनाव आयोग ने घोषणा कर दी है। चुनाव आयोग के अनुसार आगामी तीन नवंबर को सदर विधानसभा सीट पर चुनाव होगा। जबकि, दस नवंबर को मतगणन कर परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। वहीं, तिथि घोषित होते ही जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में प्रदेश में चुनाव हुआ था। उस दौरान जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों ने परचम लहराया था। बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही ने जीत हासिल की थी। लेकिन, गत मार्च माह में सदर विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही की बीमारी के चलते निधन हो गया था। जिससे यह सीट खाली चल रही थी। इसी के चलते चुनाव आयोग ने सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की बीते दिनों घोषणा कर दी थी। मतदान तिथि को लेकर चल रहे मंथन पर भी मंगलवार को विराम लग गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार आगामी नौ अक्तूबर को जनपदभर में अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। जबकि, आगामी 16 अक्तूबर तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। साथ ही 17 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 19 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की वापसी होगी। इसके बाद तीन नवंबर को सदर विधानसभा सीट पर मतदान किया जाएगा। साथ ही 10 नवंबर को मतगणना होगी। जिसके बाद सदर विधानसभा सीट पर जीते प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव आयोग द्वारा निर्देश जारी होते ही अफसरों ने भी तैयारी शुरू कर दी हैं।
३,८८,४७६ मतदाता बनेंगे सदर सीट के भाग्य-विधाता
जिला निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार सदर सीट के लिए ३,८८,४७६ मतदाता हैं। जिसमें २,०६,४३८ पुरूष मतदाता हैं और १,८२,०१० महिला मतदाता हैं। वहीं, अन्य की गिनती कुल २८ है। जबकि, विधानसभा चुनाव २०१७ में कुल मतदाता ३,८१,११८ थे। जिसमें पुरूष मतदाता २,०२,९४४ और महिला मतदाता १,७८,२१५ व अन्य २५ थे। तीन साल में बुलंदशहर विधानसभा सीट पर ७२९१ वोटर की संख्या बढ़ी है।
डीएम ने निर्वाचन कार्यालय का किया निरीक्षण
चुनाव आयोग द्वारा उपचुनावों की घोषण के बाद डीएम रविंद्र कुमार ने सोमवार को निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया और चुनाव प्रक्रिया व सुरक्षा को देखते हुए सीसीटीवी आदि की निविदा भी निकाल दी है। डीएम ने तत्काल ही प्रशासनिक अफसरों की एक मीटिंग भी बुलाई। जिसमें संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं।
२०१७ विधानसभा चुनाव के सदर सीट का आंकड़ा
पार्टी प्रत्याशी मत संख्या
भाजपा वीरेंद्र सिंह सिरोही १११५३८
बसपा हाजी अलीम ८८४५४
सपा शुजात आलम २४११९
रालोद गुड्डू पंडित १७२१६
कोट
निष्पक्ष चुनाव कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। चुनाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। संबंधित अफसरों को निर्देश जारी कर चुनाव की तैयारी की जा रही हैं। - रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी