अमर उजाला वेबिनार
---
उम्मीदों से भरे हैं आने वाले दिन, व्यस्त होगा बाजार
- अमर उजाला वेबिनार में व्यापारियों ने की चर्चा, वर्तमान परिस्थितियों में सकारात्मक सोच से बढ़ रहे हैं आगे
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। अनलॉकडाउन के करीब तीन महीने बाद भी बाजार कोरोना के झटके से उबर नहीं सके हैं। बाजार सुरक्षा के साथ खुल गए हैं लेकिन पहले वाली रौनक का इंतजार है। मंगलवार को अमर उजाला ने ' अनलॉकडाउन के दौरान बाजार और भविष्य की संभावनाएं' विषय पर अलग-अलग ट्रेड के व्यापारियों, व्यापार संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। व्यापारियों ने कहा कि फिलहाल मुश्किल दौर से बाजार गुजर रहे हैं लेकिन आने वाले दिन उम्मीदों भरे हैं। आने वाले दिनों में नवरात्रि, दीवाली और शादियों का सीजन परवान पर होगा। अक्टूबर और नवंबर का महीना बाजार के लिए वरदान की तरह होते हैं। वेबिनार में व्यापारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से भी अपनी अपेक्षाएं रखीं। कुछ इस तरह के विचार व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत किए गए।
----
सोने-चांदी के भाव और सुरक्षा का डर:
अनलॉकडाउन के बाद सराफा व्यापारियों के साथ लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। लॉकडाउन में बाजार ठप रहा और व्यापार इन दिनों 15 फीसद है। सोने चांदी के बढ़ते-घटते दामों से भी अनिश्चितता रही। धनतेरस, दीवाली और शादियों के सीजन में व्यापार रफ्तार पकड़ेगा।
- राजकिशोर गुप्ता, संरक्षक
गाजियाबाद सराफा एसोसिएशन
--------
जरूरत पर ही होगी खरीदारी:
फेस्टिवल सीजन इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के लिए बड़ा मौका रहा है। कोरोना से हर वर्ग की आय घटी है, इससे त्योहार पर भी लोग केवल जरूरत की ही वस्तुओं को खरीदने के लिए निकलेंगे। हर बार इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों को गिफ्ट में देने का चलन रहता है लेकिन इस बार उत्साह नहीं दिख रहा है।
- संदीप गर्ग, अध्यक्ष
नोएडा, गाजियाबाद इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन
--------
शादियों के सीजन में फर्नीचर की रहेगी मांग:
फर्नीचर बाजार बेहद सुस्ती के दौर से गुजर रहा है लेकिन आने वाले दिन बाजारों के दिन है। शादियों के सीजन के लिए फर्नीचर बाजार तैयारी कर रहा है। शादी समारोह को और छूट मिलती है तो बाजारों को इसका लाभ होगा।
- पंडित अशोक भारतीय, फर्नीचर कारोबारी
-----
सरकारी स्तर पर उत्पीड़न खत्म करना चाहिए:
व्यापारी कोरोना के साथ शासन-प्रशासन की तरफ से भी पीड़ित है। खाद्य वस्तुओं की बात की जाए तो पहले के मुकाबले 50 फीसद भी काम नहीं है। ऐसे में कभी जुर्माना, पेनाल्टी और तमाम तरह के नियम और दंड के प्रावधान व्यापारियों के लिए है। इनको भी समाप्त करना चाहिए।
- अवधेश शर्मा, अध्यक्ष
शास्त्रीनगर व्यापार मंडल
----
शादियों में अधिक लोगों के शामिल होने की मिले अनुमति:
टैंट कारोबार पूरी तरह से शादी-समारोह पर निर्भर है। 16 मार्च से कारोबार ठप है और इसके साथ काम से कम दर्जन भर व्यवसाय जो इससे जुड़े हैं, सभी बंद हैं। ऐसे में बस यही उम्मीद है कि शादी समारोह में 500 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
- अशोक चावल, प्रदेश अध्यक्ष
उत्तर प्रदेश टैंट व्यापारी एसोसिएशन
-----
त्योहार से शुरू रौनक लौटने की उम्मीद:
कोरोना से हर वर्ग प्रभावित हुआ है। लोग फिलहाल जरूरत की वस्तुएं ही खरीद रहे हैं। त्योहार से और इसके बाद शादियों के सीजन से रेडीमेड गारमेंट्स का बाजार उठेगा। इसको लेकर हम लोग तैयारी भी कर रहे हैं। बाजार में डिमांड को देखते हुए स्टॉक किया जाएगा।
- मनोज वोहरा, कारोबारी