गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय
- फोटो : Amar Ujala
सबहेडः इंदिरापुरम विस्तार योजना में जीडीए के पास है 60 एकड़ जमीन, लैंड पूल के जरिए किसानों से 20 एकड़ जमीन लेगा प्राधिकरण
- जीडीए ने किसानों से बातचीत की शुरू, जल्द मिल सकती है सफलता
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। इंदिरापुरम से सटे महीउद्दीनपुर कनवानी में इंदिरापुरम विस्तार आवासीय योजना को धरातल पर उतारने के प्रयास तेज हो गए हैं। इंदिरापुरम विस्तार में जीडीए के पास करीब 60 एकड़ जमीन है। वहीं, लैंडपूल पॉलिसी के जरिए किसानों से 20 एकड़ जमीन लेने के लिए बातचीत शुरू हो गई है। प्राधिकरण नियोजन अनुभाग की किसानों से दो चरण की वार्ता हो चुकी है।
लैंडपूल पॉलिसी पर किसानों की जल्द सहमति मिलते ही इंदिरापुरम विस्तार योजना को अमलीजामा पहनाने का काम शुरू हो जाएगा। प्राधिकरण की योजना नए साल में इंदिरापुरम विस्तार में आवास योजना लाने की है। योजना के लिए नियोजन अनुभाग इंदिरापुरम विस्तार में टोटल स्टेशन सर्वे के लिए सेटेलाइट सर्वे कर चुका है। योजना का ले-आउट भी लगभग तैयार है। प्राधिकरण मुख्य रूप से एकल यूनिट के आवासीय, व्यावसायिक और स्कूल-कॉलेजों के भूखंड लाने की योजना पर काम कर रहा है।
इंदिरापुरम विस्तार के तैयार किए गए लेआउट में सड़कें 40 फुट से छोटी नहीं होगी। योजना की मुख्य और अंदरूनी सड़कें 12 मीटर, 24 और 30 मीटर की होंगी। बता दें कि जीडीए ने 2005 में इंदिरापुरम एक्सटेंशन योजना के लिए महीउद्दीनपुर कनावनी गांव में 280 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया था। बड़े मुआवजे की मांग को लेकर कई लोगों ने कोर्ट का रुख कर लिया। अधिक आर्थिक भार की संभावना के चलते जीडीए ने विवादित 220 एकड़ जमीन के डिनोटिफिकेशन का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास करा शासन को भेज दिया है। अब बची 60 एकड़ जमीन पर इंदिरापुरम विस्तार योजना को लाने की तैयारी है। योजना में किसानों से लैंड पूल पॉलिसी के जरिए जमीन लेने पर बातचीत जारी है।
-----------
दिल्ली-नोएडा से मिनटों की दूरी का मिलेगा लाभ
इंदिरापुरम से सटे जीडीए की विस्तार योजना में बड़े ग्रुप हाउसिंग भूखंडों के लिए बिल्डर भले ही आगे ना आए हो, लेकिन आवासीय भूखंडों की योजना को लोग हाथों-हाथ लेंगे। आवासीय योजना से दिल्ली व नोएडा पांच से 10 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का काम पूरा होने से एनएच-9 पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलने के बाद दिल्ली के सराय काले खां रेलवे स्टेशन 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। इंदिरापुरम विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कोने तक का सफर जल्द पूरा हो जाएगा।
-----------
200 से 350 वर्ग मीटर के होंगे भूखंड
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक इंदिरापुरम विस्तार में मुख्य रूप से एकल यूनिटों के भूखंडों की योजना लाई जाएगी। इसमें 200 वर्ग मीटर, 250, 300 और 350 वर्ग मीटर के भूखंड काटने की योजना है। जीडीए अधिकारियों ने साफ किया है आवासीय भूखंडों में केवल एकल यूनिट के निर्माण की अनुमति दी जाएगी।
--------------
कोट...
इंदिरापुरम विस्तार योजना में किसानों से लैंडपूल पॉलिसी के जरिए जमीन लेने पर बातचीत जारी है। किसानों से सहमति मिलने के बाद योजना को अमलीजामा पहनाने पर काम शुरू किया जाएगा। - आशीष शिवपुरी, सीएटीपी, जीडीए
----------