जिला कारागार में निरीक्षण करने के बाद बाहर आते जिला जज और जिलाधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala
बुलन्दशहर। जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश एवं जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने कारागार में निरूद्ध बंदियों के संबंध में जानकारी लेते हुए रसोई का निरीक्षण किया। सोमवार शाम को जिला जज डॉ अजय कृष्ण विश्वेश और जिलाधिकारी रविंद्र कुमार अन्य अधिकारियों के साथ जिला कारागार पहुंचे। अधिकारियों ने रसोई में बंदियों में भोजन वितरण के संबंध में जानकारी हासिल की। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मशीन द्वारा तैयार की जा रही रोटियों का भी अवलोकन किया। कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों के संबंध में चिकित्सकों से आवश्यक जानकारी भी हासिल की गई। कोरोना संक्रमण से ग्रसित लोगों को जेल परिसर के अन्य बैरकों में रखकर उपचार दिये जाने के संबंध में भी जानकारी दी गई। जेलर द्वारा बताया गया कि चिकित्सक के परामर्श के उपरान्त ही बन्दियों को काढ़ा एवं दावा आदि का सेवन कराया जा रहा है। उन्होंने कारागार में की गई अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी हासिल की। इस अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी, जेल अधीक्षक, जेलर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।