माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर 16 ए में मकान का अवैध निर्माण कराने वाली तीन महिलाओं समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बिना स्वीकृति के अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है। आवास विकास परिषद के प्रभारी सहायक अभियंता की ओर से यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आवास विकास परिषद के प्रभारी सहायक अभियंता जयराम ने इंदिरापुरम थाने में दी तहरीर में कहा है कि वसुंधरा सेक्टर 16ए एससीपी 31, 32,33 में बिना स्वीकृति के फ्रंट और साइड सेटबैक कवर करते हुए सड़क के बाहर तीनों ओर छज्जा बनवाया जा रहा है। बिना अनुमति के अवैध रूप से यह निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि इसके लिए आवंटी को निर्माण रोकने का अदेश दिया गया। इसके बाद भी निर्माण कार्य जारी रहा। इसके लिए आवंटी विमला, रेखा, शोभा और निर्माणकर्ता रूपेश मेहरा के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि आवास विकास परिषद की ओर मिली तहरीर के आधार पर तीन महिला और एक पुरूष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।